अब रेलवे काउंटर से टिकट लेने वालों को भी मिलेगा यात्रा बीमा का विकल्प - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

अब रेलवे काउंटर से टिकट लेने वालों को भी मिलेगा यात्रा बीमा का विकल्प

अब रेलवे काउंटर से टिकट लेने वालों को भी मिलेगा यात्रा बीमा का विकल्प

मात्र 45 पैसे में 10 लाख रुपये तक का कवर, 27 अक्टूबर से देशभर में लागू होगी नई व्यवस्था

आगरा:-रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। अब रेलवे के यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटर से आरक्षित टिकट लेने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक यात्रा बीमा (OTIS) की सुविधा मिल सकेगी। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार यह व्यवस्था 27 अक्टूबर 2026 से देशभर में लागू की जाएगी। अब तक यह सुविधा मुख्य रूप से ऑनलाइन ई-टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध थी।रेलवे के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय के 6 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुपालन में वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना का विस्तार आरक्षण काउंटरों तक किया जा रहा है। रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) द्वारा IRCTC के समन्वय से आरक्षण प्रणाली में आवश्यक तकनीकी बदलाव किए जा रहे हैं।

पूरी तरह वैकल्पिक होगी बीमा सुविधा

यात्रियों के लिए यात्रा बीमा लेना पूरी तरह ऐच्छिक रहेगा। टिकट बुक कराते समय यात्री अपनी इच्छा के अनुसार बीमा का विकल्प चुन सकेंगे। बीमा लेने के लिए यात्री को अपना मोबाइल नंबर देना होगा और प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा। बीमा प्रीमियम के लिए नकद भुगतान की सुविधा नहीं होगी।जो यात्री बीमा का विकल्प नहीं चुनेंगे, उनके टिकट या रेल यात्रा पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

45 पैसे में 10 लाख रुपये तक का कवर

वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना के तहत प्रति यात्री मात्र 45 पैसे के प्रीमियम पर यात्रा के दौरान रेल दुर्घटना या संबंधित अप्रिय घटना की स्थिति में बीमा सुरक्षा उपलब्ध होगी। योजना की शर्तों के अनुसार बीमा कवर में मृत्यु या पूर्ण स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 10 लाख रुपये तक का कवर शामिल है।वहीं स्थायी आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में अधिकतम 7.5 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलेगा। अस्पताल में उपचार के खर्च की स्थिति में दो लाख रुपये तक की प्रतिपूर्ति का प्रावधान है। इसके अलावा पार्थिव शरीर के परिवहन के लिए 10 हजार रुपये तक की राशि देय होगी।
हालांकि बीमा राशि और प्रतिपूर्ति का लाभ संबंधित बीमा पॉलिसी के नियमों और शर्तों के अनुसार ही मिलेगा।

आरक्षण कर्मचारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

नई व्यवस्था को लागू करने के लिए सभी आरक्षण काउंटरों पर आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। आरक्षण कर्मचारियों को बीमा योजना की वैकल्पिक प्रकृति, यात्री की सहमति दर्ज करने, प्रीमियम के डिजिटल भुगतान और यात्री के आवश्यक विवरण सही तरीके से दर्ज करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बीमा का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को पॉलिसी से संबंधित जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे की इस व्यवस्था से काउंटर से आरक्षित टिकट लेने वाले यात्रियों को भी बेहद कम प्रीमियम पर यात्रा बीमा का विकल्प मिलेगा और रेल यात्रा के दौरान संभावित जोखिमों के विरुद्ध अतिरिक्त वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध होगी।

video

Pages