आगरा में 49 केंद्रों पर शांतिपूर्ण हुई PET-2026 परीक्षा, दोनों पालियों में उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़ - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

आगरा में 49 केंद्रों पर शांतिपूर्ण हुई PET-2026 परीक्षा, दोनों पालियों में उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़

आगरा में 49 केंद्रों पर शांतिपूर्ण हुई PET-2026 परीक्षा, दोनों पालियों में उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़

गणित और हिंदी के आसान सवालों ने दी बड़ी राहत, रीजनिंग ने लिया थोड़ा समय

आगरा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 रविवार को ताजनगरी में कड़ी सुरक्षा और व्यापक इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नकलविहीन और निष्पक्ष परीक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिले में कुल 49 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां दो पालियों में परीक्षा आयोजित हुई। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चली।

प्रत्येक पाली में 22,776 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी। 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आयोजित होने वाली पूरी परीक्षा में आगरा जिले में कुल 1,36,656 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था है। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात रहा और अधिकारियों ने लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की।

 49 सेक्टर और 49 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की निगरानी

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 49 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार के अस्थायी डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया था। परीक्षा के दिन भारी पुलिस सुरक्षा के बीच सेक्टर मजिस्ट्रेटों के माध्यम से गोपनीय सामग्री संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाई गई।आला अधिकारियों ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केंद्रों पर प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया।

 रेलवे और रोडवेज ने किए विशेष इंतजाम

बाहर से आगरा पहुंचे अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे और रोडवेज की ओर से भी विशेष व्यवस्थाएं की गईं। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर करीब 3000 वर्ग फीट का विशेष होल्डिंग एरिया बनाया गया, जहां रोशनी, पेयजल और पंखों की व्यवस्था रही। आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और ईदगाह रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित कर अभ्यर्थियों को ट्रेनों और परीक्षा केंद्रों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ, वाणिज्य कर्मचारियों और चिकित्सकों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई। स्टेशनों पर सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी रखी गई। वहीं यूपी रोडवेज ने सेटेलाइट बस स्टैंड, आईएसबीटी और ईदगाह बस डिपो पर भी हेल्प डेस्क की व्यवस्था की।

गणित और हिंदी के सवाल रहे आसान

परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरों पर राहत नजर आई। अभ्यर्थियों के अनुसार पेपर का स्तर संतुलित रहा। संविधान, सामान्य विज्ञान और रीजनिंग से जुड़े प्रश्न मध्यम स्तर के रहे, जबकि गणित, हिंदी और अंग्रेजी के सवाल अपेक्षाकृत आसान रहे।अभ्यर्थियों ने बताया कि रीजनिंग के कुछ सवालों को हल करने में थोड़ा अधिक समय लगा, लेकिन हिंदी और गणित के प्रश्न आसानी से हल हो गए। कुल मिलाकर अभ्यर्थियों ने परीक्षा के स्तर को संतुलित बताया।

video

Pages