फैक्ट्री में चोरी का खुलासा: ठेकेदार ही निकला सामान उड़ाने वाला, जगदीशपुरा पुलिस ने धीरज को दबोचा
खिड़की तोड़कर फैक्ट्री में घुसा था आरोपी, गैस सिलेंडर, दो डाई और नकदी बरामद; चोरी का बाकी सामान कबाड़ में बेचने का खुलासा
आगरा। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने राहुल विहार, ग्राम मघटई स्थित फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का एचपी गैस सिलेंडर, 650 रुपये नकद और दो डाई बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपी ने फैक्ट्री से मोटर, इन्वर्टर, गैस सिलेंडर और डाई चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर को फैक्ट्री संचालक ने थाना जगदीशपुरा में तहरीर देकर बताया था कि 11 सितंबर की रात उसकी फैक्ट्री में चोरी हुई। अज्ञात चोर फैक्ट्री से पांच मोटर, गैस सिलेंडर, इन्वर्टर और कुछ डाई चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देश पर टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त लोहामंडी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में मिले साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
इसी क्रम में तीन अक्टूबर को पुलिस टीम ने बिचपुरी फाटक के पास रेलवे पटरी किनारे झाड़ियों में दबिश देकर धीरज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का एचपी गैस सिलेंडर, 650 रुपये और दो डाई बरामद हुईं।
ठेकेदारी का काम करता था आरोपी
पूछताछ में आरोपी धीरज ने पुलिस को बताया कि वह इसी फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करता था। करीब 20-25 दिन पहले उसने रात के समय फैक्ट्री की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से पांच मोटर, इन्वर्टर, गैस सिलेंडर और कुछ डाई चोरी कर लीं।
आरोपी के अनुसार, सामान अधिक होने के कारण वह पूरी चोरी एक साथ बाहर नहीं ले जा सका। उसने मोटरों को उसी रात फैक्ट्री से बाहर निकाला, जबकि इन्वर्टर और कुछ डाई अगले दिन लेकर गया। चोरी किए गए सामान को उसने अलग-अलग कबाड़ खरीदने वालों को बेच दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गैस सिलेंडर और बची हुई डाई रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में छिपा दी थीं। तीन अक्टूबर को वह इन्हीं सामान को लेने के लिए वहां पहुंचा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धीरज पुत्र गोपाल शर्मा, निवासी राधा नगर, फाउंड्री नगर, थाना एत्माद्दौला, आगरा के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी किए गए अन्य सामान और उन्हें खरीदने वाले लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।