एत्मादपुर: 'हर वोट कीमती, लोकतंत्र को करें मजबूत' – गढ़ी टिकैत में लगा विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 17 अक्टूबर 2026

एत्मादपुर: 'हर वोट कीमती, लोकतंत्र को करें मजबूत' – गढ़ी टिकैत में लगा विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर

एत्मादपुर: 'हर वोट कीमती, लोकतंत्र को करें मजबूत' – गढ़ी टिकैत में लगा विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर

बीएलओ ने संभाला मोर्चा, घर-घर जाकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को वोट बनवाने के लिए किया प्रेरित

जनपद आगरा। जिले की तहसील एत्मादपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़ी टिकैत स्थित प्राथमिक विद्यालय गढ़ी टिकैत परिसर में शनिवार को विशेष मतदाता पंजीकरण (वोट बनवाओ) शिविर का आयोजन किया गया। लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करने और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कैंप में ग्रामीणों और युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शनिवार को प्राथमिक विद्यालय गढ़ी टिकैत का बूथ पूरे समय खुला रहा, जहाँ बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने तत्परता से अपनी सेवाएँ दीं। बीएलओ ने केवल विद्यालय परिसर में बैठकर ही कागजी कार्रवाई नहीं की, बल्कि गांव की गलियों में घर-घर जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद साधा।

बीएलओ ने गाँव के प्रत्येक घर में दस्तक देकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नवयुवकों और युवतियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के प्रति जागरूक किया। बीएलओ ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक नागरिक को अपना वोट अवश्य बनवाना चाहिए। आपका एक-एक वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और मतदाता सेवा ही हमारा मुख्य संकल्प है।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं बूथ पर आएँ, फॉर्म भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएँ ताकि आने वाले चुनावों में अपने इस संवैधानिक और कीमती अधिकार का उपयोग कर सकें।

गढ़ी टिकैत प्राथमिक विद्यालय के बीएलओ पूर्व में भी मतदाता सूची पुनरीक्षण और वोट बनवाने के अभियानों में पूरी निष्ठा और कड़ी मेहनत से कार्य करते रहे हैं। ग्रामीणों ने भी उनके इस समर्पण और सहज कार्यप्रणाली की खुले दिल से प्रशंसा की। बीएलओ ने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब हर नागरिक अपने मताधिकार के महत्व को समझेगा, तभी हमारा लोकतंत्र और अधिक सशक्त और समृद्ध बनेगा।
शिविर के दौरान नया वोट बनवाने (फॉर्म-6), नाम संशोधित कराने तथा मतदाता सूची में प्रविष्टियों की जाँच के लिए कई ग्रामीण और नए मतदाता बूथ पर पहुँचे। बीएलओ की सजगता और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से यह विशेष शिविर अत्यंत सफल रहा।

video

Pages