तीन बूथों पर दोबारा मतदान खत्म, फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ में हुई री-पोलिंग
आगरा:-आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए अधिकारियों में पुलिस विभाग के इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। वहीं, चुनाव में शिकायतों के बाद फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ के एक-एक बूथ पर सोमवार को दोबारा मतदान कराया गया, जो शाम चार बजे समाप्त हो गया।
23 अक्टूबर को आगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट के लिए मतदान हुआ था। मतदान के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल की ओर से कुछ बूथों पर बूथ कैप्चरिंग और मतपत्रों से छेड़छाड़ सहित अन्य अनियमितताओं की शिकायत की गई थी। शिकायतों के आधार पर जांच कराई गई और रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी गई।रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग ने फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ के एक-एक बूथ पर हुए मतदान को शून्य घोषित करते हुए इन तीनों बूथों पर पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए। सोमवार को निर्धारित समय पर तीनों बूथों पर दोबारा मतदान शुरू हुआ और शाम चार बजे मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई।वहीं, मतदान ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर छह अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। इनमें सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया।