आगरा: नगला गोल में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा खंडित, आक्रोश के बाद नई मूर्ति स्थापित; सांसद रामजीलाल सुमन बोले- "दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई" - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026

आगरा: नगला गोल में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा खंडित, आक्रोश के बाद नई मूर्ति स्थापित; सांसद रामजीलाल सुमन बोले- "दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई"

आगरा: नगला गोल में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा खंडित, आक्रोश के बाद नई मूर्ति स्थापित; सांसद रामजीलाल सुमन बोले- "दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई"

जनपद आगरा। आगामी चुनावों से ठीक पहले क्षेत्र का सौहार्द बिगाड़ने की एक बड़ी साजिश बरहन थाना क्षेत्र के नगला गोल (गोवल) गांव में सामने आई है। यहाँ देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते भारी तनाव व्याप्त हो गया।

घटना की खबर फैलते ही एसडीएम एत्मादपुर सुमित सिंह और थाना बरहन प्रभारी आशुतोष रघुवंशी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसएसआई गुड़वीर सिंह, एसआई सुनील पंवार, एसआई राजेश कुमार साहू, एसआई प्रमोद यादव, एसआई बीके यादव और आंवलखेड़ा चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह सहित कई अन्य पुलिसकर्मी स्थिति संभालने में जुट गए।

बाबा साहेब के अपमान से आक्रोशित भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम), सपा और बसपा के कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष रिंकू सेट ने सख्त लहजे में कहा, "बाबा साहेब का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

भीम आर्मी के पदाधिकारियों की चार सूत्रीय मांग रही

खंडित प्रतिमा को तुरंत बदलवाकर नई प्रतिमा स्थापित की जाए। उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। अंबेडकर पार्क की नियमित सफाई कराई जाए और वहां लगे खराब हैंडपंप को ठीक करवाया जाए। पार्क में बिजली-लाइट की व्यवस्था के साथ सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।


ग्रामीणों ने पार्क की बदहाली पर गहरी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सफाई कर्मचारी की भारी लापरवाही के कारण पार्क में लंबी-लंबी घास उग आई है और यह जंगल जैसा रूप ले चुका है। बार-बार शिकायत के बावजूद सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और न ही पार्क में पीने के पानी का कोई इंतजाम है।

राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने पुलिस कमिश्नर से की बात

घटना की सूचना मिलते ही राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन शाम को नगला गोल गांव पहुंचे। उन्होंने आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से फोन पर बात की और मामले की गंभीरता से जांच करने को कहा। सांसद सुमन ने कहा कि "सिर्फ प्रतिमा बदलना समाधान नहीं है। दोषियों की पहचान कर उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

प्रदर्शन व सांत्वना देने पहुंचे नेताओं में आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एड. अजीत कुमार जयंत, जिला प्रभारी उदयवीर सिंह बाबूजी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार, सोनू निगम, विनोद कुमार, सपा नेता राजपाल यादव, सपा नेता दिनेश यादव, चेयरमैन एत्मादपुर डॉ. सुरेश कुशवाहा, ब्लॉक प्रमुख एत्मादपुर पति अवधेश कुमार, सपा नेत्री ममता शर्मा, छोटू यादव, बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता संतोष आनंद, सर्वेश बघेल, पिंकी बघेल, प्रधान सुमित सेन, भीम आर्मी जिलाध्यक्ष रिंकू सेठ और जगत पाल समेत दर्जनों महिलाएं, पुरुष व बच्चे मौजूद रहे।

समिति अध्यक्ष महावीर सिंह की शिकायत पर बरहन पुलिस ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीएम सुमित सिंह और थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने ग्रामीणों व संगठन पदाधिकारियों को शांत कराया।

प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल नई प्रतिमा मंगाकर उसे स्थापित कराने का कार्य शुरू करवा दिया है। साथ ही पार्क में लाइट, सफाई और सीसीटीवी कैमरे लगवाने का ठोस आश्वासन दिया। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण व नियंत्रण में है।

video

Pages