आगरा में देश के पहले ऑटोग्रेड रीजनल स्किल सेंटर की शुरुआत, युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण
ऑटोमोबाइल सेक्टर की जरूरत के मुताबिक तैयार होंगे कुशल युवा, कार्यरत कर्मचारियों के कौशल विकास पर भी रहेगा जोर
आगरा। ऑटोमोबाइल उद्योग में कुशल कर्मचारियों की बढ़ती जरूरत को पूरा करने और युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में आगरा में नई पहल की गई है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (एफएडीए) और ऑटोमोटिव स्किल्स डेवलपमेंट काउंसिल (एएसडीसी) के संयुक्त तत्वावधान में ट्रांसपोर्ट नगर में देश के पहले ऑटोग्रेड रीजनल स्किल डेवलपमेंट सेंटर की शुरुआत हुई। बाईपास रोड, खंदारी स्थित होटल लेमन ट्री में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने केंद्र का वर्चुअल शुभारंभ किया।
नए केंद्र के माध्यम से स्कूल और कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़ी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को पढ़ाई के साथ उद्योग की वास्तविक जरूरतों से परिचित कराते हुए रोजगार के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण में तकनीकी दक्षता के साथ विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल अनुभव भी उपलब्ध कराया जाएगा।
खास बात यह है कि यह केंद्र केवल नए युवाओं के प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा। आगरा के ऑटोमोबाइल उद्योग में पहले से कार्यरत कर्मचारियों के कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। समय-समय पर विशेषज्ञों की ओर से प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कर्मचारियों को नई तकनीकों, कार्यप्रणाली और उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि ऑटोमोबाइल सेक्टर में प्रशिक्षित और अनुभवी कर्मचारियों की आवश्यकता सबसे अधिक है। केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक अनुभव और तकनीकी दक्षता भी जरूरी है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही प्रैक्टिकल ट्रेनिंग मिलने से वे उद्योग की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ उद्योगों की जरूरतों को भी पूरा किया जा सकता है। इस तरह के प्रशिक्षण केंद्र युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में तकनीक तेजी से बदल रही है। ऐसे में कर्मचारियों के लिए नियमित प्रशिक्षण और नई तकनीकों की जानकारी हासिल करना बेहद जरूरी हो गया है। रीजनल स्किल डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से विशेषज्ञों का अनुभव और तकनीकी जानकारी कर्मचारियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता और दक्षता को बेहतर बनाया जा सके।
इस पहल से आगरा की ऑटोमोबाइल डीलरशिप और संबंधित प्रतिष्ठानों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं विद्यार्थियों और नए प्रशिक्षुओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण का मंच मिलेगा, जिससे पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार हासिल करने की राह आसान हो सकती है।
कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप नारायण, ऑटोमोटिव स्किल्स डेवलपमेंट काउंसिल के सीईओ प्रसन्न पहाड़ी, एफएडीए अकादमी के डीन धर्मेश जैन, मनोरम बजाज के एमडी राम मोहन कपूर, अशोक ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ. रंजना बंसल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।