सड़क हादसों पर लगाम के लिए यातायात पुलिस को हाईटेक उपकरणों का प्रशिक्षण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026

सड़क हादसों पर लगाम के लिए यातायात पुलिस को हाईटेक उपकरणों का प्रशिक्षण

सड़क हादसों पर लगाम के लिए यातायात पुलिस को हाईटेक उपकरणों का प्रशिक्षण

स्पीड लेजर गन, ब्रीथ एनालाइजर और डेसिबल मीटर के प्रभावी इस्तेमाल पर दिया जोर

आगरा:-सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए कमिश्नरेट आगरा की यातायात पुलिस को आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त यातायात ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद के मार्गदर्शन में 29 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित प्रशांत मेमोरियल सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

सहायक पुलिस आयुक्त यातायात अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में कमिश्नरेट आगरा की समस्त सीसी टीमों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यशाला का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों की संख्या को न्यूनतम करने के साथ यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान कमिश्नरेट आगरा को उपलब्ध कराए गए आधुनिक एवं उच्च तकनीकयुक्त उपकरणों के सही और प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पीड लेजर गन, ब्रीथ एनालाइजर, डेसिबल मीटर तथा इंटरसेप्टर वाहनों के संचालन और व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि तकनीकी उपकरणों का सही इस्तेमाल यातायात नियमों के पालन को बेहतर बनाने के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।कार्यशाला के माध्यम से यातायात पुलिस की कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाने, सड़क सुरक्षा को मजबूत करने तथा आमजन के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

video

Pages