मानसिक चिकित्सालय में औचक निरीक्षण, मरीजों की सुविधाओं का लिया जायजा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026

मानसिक चिकित्सालय में औचक निरीक्षण, मरीजों की सुविधाओं का लिया जायजा

मानसिक चिकित्सालय में औचक निरीक्षण, मरीजों की सुविधाओं का लिया जायजा

जिला स्तरीय आश्रय गृह निरीक्षण समिति ने उपचार, भोजन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था परखी, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

आगरा। जिला स्तरीय आश्रय गृह निरीक्षण समिति ने बुधवार को मानसिक चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य संस्थान, आगरा का औचक निरीक्षण कर वहां भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति परखी। समिति ने उपचार व्यवस्था के साथ स्वच्छता, भोजन, आवासीय व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।

समिति की अध्यक्षा एवं अपर जिला जज संगीता कुमारी के नेतृत्व में अपर जिला जज विराट कुमार श्रीवास्तव, अपर जिला जज लोकेश कुमार, अपर जिला जज यशवंत सरोज तथा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनीता सिंह ने संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा और मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं तथा उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान संस्थान के निदेशक/डॉक्टर दिनेश कुमार राठौर, अधीक्षक अनिल सिसोदिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संस्थान के अधिकारियों ने समिति को मरीजों के उपचार, देखभाल और उनके लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी।

समिति ने मरीजों के हित और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समिति ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिला स्तरीय आश्रय गृह निरीक्षण समिति द्वारा समय-समय पर विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया जाता है, ताकि वहां निवासरत लोगों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध होने की स्थिति का जायजा लिया जा सके।

video

Pages