कलेक्ट्रेट में भीड़ का फायदा उठाकर जेब से उड़ाए सात हजार, नाई की मंडी पुलिस ने आरोपी दबोचा
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से पुलिस पहुंची आरोपी तक, 5000 रुपये बरामद; एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में
आगरा। कलेक्ट्रेट में भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति की जेब से सात हजार रुपये चोरी करने की घटना का थाना नाई की मंडी पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने मामले में शामिल आरोपी बॉबी को आगरा कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके एक बाल अपचारी साथी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए रुपयों में से 5000 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार वादी कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद था। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से सात हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने थाना नाई की मंडी पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 72/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना के खुलासे के लिए थाना नाई की मंडी पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कलेक्ट्रेट और आसपास के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बॉबी को आगरा कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी साथी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों और इसी तरह की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।