आधी रात को घर से निकला नूर, पर्यटक का कीमती आईफोन लौटाया, इनाम भी ठुकराया - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 28 अक्टूबर 2026

आधी रात को घर से निकला नूर, पर्यटक का कीमती आईफोन लौटाया, इनाम भी ठुकराया

आधी रात को घर से निकला नूर, पर्यटक का कीमती आईफोन लौटाया, इनाम भी ठुकराया

आगरा:-आगरा की पहचान केवल ऐतिहासिक स्मारकों और पर्यटन स्थलों से ही नहीं, बल्कि यहां के लोगों की ईमानदारी और मेहमाननवाजी से भी होती है। ऑटो चालक नूर मोहम्मद ने एक बार फिर ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिसने पर्यटक का आगरा पर भरोसा और मजबूत कर दिया। केरल से आगरा घूमने आए एक पर्यटक का आईफोन उनके ऑटो में छूट गया था। घर पहुंचने के बाद जानकारी मिलते ही नूर मोहम्मद देर रात अपना ऑटो लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे और पर्यटक को उसका मोबाइल सुरक्षित वापस लौटा दिया। पर्यटक ने उन्हें इनाम देने की कोशिश की, लेकिन नूर मोहम्मद ने उसे लेने से साफ इनकार कर दिया।

सुबह आगरा कैंट स्टेशन से पर्यटक को ऑटो में बैठाया था

जानकारी के अनुसार नूर मोहम्मद ने सुबह आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से केरल के पर्यटक को रिसीव किया था। दिनभर उन्होंने पर्यटक को आगरा के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया। रात करीब आठ बजे पर्यटक को वापस आगरा कैंट रेलवे स्टेशन छोड़ने के बाद नूर मोहम्मद अपने घर लौट गए।

घर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि पर्यटक का आईफोन उनके ऑटो में ही छूट गया है। मोबाइल की जानकारी मिलते ही उन्होंने देर होने की परवाह नहीं की और तुरंत ऑटो लेकर दोबारा रेलवे स्टेशन के लिए निकल पड़े।

कीमती मोबाइल लौटाया, इनाम लेने से किया इनकार

नूर मोहम्मद रेलवे स्टेशन पहुंचे और पर्यटक को उसका आईफोन सुरक्षित वापस सौंप दिया। खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर पर्यटक के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। पर्यटक ने नूर मोहम्मद को नकद इनाम देकर सम्मानित करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने विनम्रता से इनाम लेने से इनकार कर दिया।नूर मोहम्मद ने कहा कि पर्यटकों की सेवा करना और उनकी मदद करना उनके लिए जिम्मेदारी है। किसी यात्री का सामान सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचाना ही उनके लिए सबसे बड़ा संतोष है।

दसवीं बार लौटाया यात्री का सामान

नूर मोहम्मद की ईमानदारी का यह पहला मामला नहीं है। वह अब तक करीब दस बार यात्रियों का छूटा हुआ कीमती सामान उन्हें वापस लौटा चुके हैं। हर बार उन्होंने यात्रियों की परेशानी को समझते हुए उनका सामान सुरक्षित लौटाने को प्राथमिकता दी है।

टीम SOS के सदस्य हैं नूर मोहम्मद

नूर मोहम्मद आगरा के ऑटो चालकों की संस्था टीम SOS के सदस्य हैं। संस्था से जुड़े ऑटो चालकों को बिहेवियर साइंटिस्ट एवं लाइफ कोच डॉ. नवीन गुप्ता यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार, सेवा भावना और जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रशिक्षण देते हैं।

नूर मोहम्मद की इस पहल ने एक बार फिर आगरा की मेहमाननवाजी और भरोसे की तस्वीर पेश की है। पर्यटक के लिए कीमती मोबाइल वापस करना केवल सामान लौटाना नहीं था, बल्कि उस भरोसे को कायम रखना भी था जिसके साथ देश-विदेश से लोग आगरा घूमने आते हैं।

video

Pages