पुलिस के मुखबिर का बेटा निकला छिनैतीबाज! पिता पुलिस को देता था अपराधियों की खबर, बेटा खुद बन गया मोबाइल लूट गैंग का हिस्सा
आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की वारदात का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, पीड़ित का आधार कार्ड और 950 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल दानिश के पिता बल्लू के पुलिस का मुखबिर होने की बात सामने आने के बाद यह मामला और भी चर्चा में आ गया है। पुलिस के अनुसार, एक तरफ पिता पुलिस को अपराधियों की सूचना देता था, वहीं दूसरी तरफ उसका बेटा खुद छिनैती की वारदातों में शामिल हो गया।
पुलिस के मुताबिक 16 अक्टूबर को वादी ड्यूटी से काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। लक्ष्मी कॉलोनी के पास बुलेट सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। मोबाइल के कवर में करीब दो हजार रुपये और आधार कार्ड भी रखा था। मामले की जानकारी मिलने के बाद ट्रांस यमुना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए सुराग जुटाए। 25 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शाहदरा कट के पास घेराबंदी कर आदिल और दानिश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक बुलेट मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, वादी का आधार कार्ड और 950 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में खुली छिनैती की परतें
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने और चोरी किए गए मोबाइलों को सस्ते दामों में बेचने की बात बताई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी मोबाइल चोरी और छिनैती की घटनाओं में शामिल रहे हैं। आरोपियों ने 16 अक्टूबर को टेढ़ी बगिया क्षेत्र में मोबाइल छीनने के बाद उसे कम कीमत में बेचने की बात भी स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल पुत्र जाविद निवासी इस्लामनगर टेढ़ी बगिया और दानिश पुत्र बल्लू निवासी इस्लामनगर टेढ़ी बगिया, थाना ट्रांस यमुना, आगरा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक विक्रान्त कुमार, उपनिरीक्षक अजय दांगी, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल लोकेश भाटी और कांस्टेबल ऋषि शामिल रहे। ट्रांस यमुना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मोबाइल छिनैती की वारदात का जल्द खुलासा होने से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा रहीम