आगरा में चलती कार बनी आग का गोला, झरना नाले के पास धू-धू कर जली गाड़ी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026

आगरा में चलती कार बनी आग का गोला, झरना नाले के पास धू-धू कर जली गाड़ी

आगरा में चलती कार बनी आग का गोला, झरना नाले के पास धू-धू कर जली गाड़ी


लपटें उठते ही चालक ने कूदकर बचाई जान, मौके पर मची अफरा-तफरी; एक व्यक्ति को अस्पताल भेजे जाने की सूचना

आगरा। थाना एत्मादपुर क्षेत्र की छलेसर चौकी अंतर्गत झरना नाले के पास बुधवार को चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सड़क पर दौड़ रही कार देखते ही देखते आग की लपटों से घिर गई और धू-धू कर जलने लगी। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार झरना नाले के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन से लपटें उठने लगीं। खतरा भांपते ही चालक ने कार रोकने का प्रयास किया और तत्काल बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग ने कार के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर जलती कार देखकर आसपास से गुजर रहे लोग रुक गए, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने भीड़ को हटाकर संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल पर जुटी भीड़ को दूर कराया और यातायात व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने जली हुई कार को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।

चलती कार में आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। शुरुआती स्तर पर वाहन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।

एक व्यक्ति को अस्पताल भेजे जाने की सूचना

हादसे के दौरान एक व्यक्ति को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजे जाने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि वह व्यक्ति कौन है और उसे किस तरह की चोट लगी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। आग की चपेट में आने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

video

Pages