टेंपो में महिला के बैग से जेवर उड़ाने वाले चार शातिर गिरफ्तार, बाह पुलिस ने बरामद किए लाखों के जेवर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

टेंपो में महिला के बैग से जेवर उड़ाने वाले चार शातिर गिरफ्तार, बाह पुलिस ने बरामद किए लाखों के जेवर

टेंपो में महिला के बैग से जेवर उड़ाने वाले चार शातिर गिरफ्तार, बाह पुलिस ने बरामद किए लाखों के जेवर

मुखबिर की सूचना पर नौरंगी घाट के पास दबोचे गए आरोपी, दो बाइक और नकदी भी बरामद

आगरा। थाना बाह क्षेत्र में टेंपो के भीतर महिला के बैग से सोने के जेवरात चोरी करने की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के जेवरात, दो मोटरसाइकिल और 5100 रुपये की नकदी बरामद की है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बरामदगी से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।

मामला थाना बाह क्षेत्र का है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह अपने मायके से ससुराल शिकोहाबाद जा रही थी। वह एक टेंपो में चालक और एक अन्य सवारी के साथ बैठी थी। रास्ते में उसके बैग से सोने के जेवरात गायब हो गए। शिकायत के आधार पर थाना बाह में मुकदमा अपराध संख्या 193/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त आगरा, अपर पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त बाह के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों को घटना के जल्द अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में थाना बाह पुलिस क्षेत्र में वांछित आरोपियों की तलाश और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नौरंगी घाट के पास ग्राम टोका मई के समीप घेराबंदी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनी पुत्र अशोक कुमार, राहुल पुत्र सुरेश, संजू पुत्र सुरेश और अरविन्द पुत्र गुरुदयाल के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 19 ग्राम पीली धातु, 13 ग्राम पीली धातु की गिन्नी, एक जोड़ी टॉप्स, चार अंगूठियां और एक पेंडल बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपियों के पास से अपाचे और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल समेत दो बाइक तथा 5100 रुपये नकद भी बरामद हुए।

बरामदगी के आधार पर थाना बाह पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बाह पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों में खलबली मच गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और चोरी व लूट की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।


video

Pages