चार लाख की चोरी का खुलासा, सीसीटीवी ने खोला राज; एकता पुलिस ने आरोपी को दबोचा
गणपति वर्ल्ड के फ्लैट से नकदी-आभूषण चोरी के मामले में अरविन्द गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त बाइक समेत जेवर बरामद
आगरा। थाना एकता क्षेत्र के गणपति वर्ल्ड स्थित फ्लैट से लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना एकता में तहरीर देकर बताया था कि दोपहर करीब 12 से शाम चार बजे के बीच किसी अज्ञात चोर ने गणपति वर्ल्ड स्थित उसके फ्लैट को निशाना बनाया। चोर फ्लैट से करीब चार लाख रुपये की नकदी और आभूषण चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना एकता में मुकदमा अपराध संख्या 483/2026, धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना एकता पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास के विभिन्न मार्गों और स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले अहम सुरागों और पुलिस की पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए मुखबिर से भी महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अरविन्द को कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल, पीली धातु की एक नाक की बाली और एक ब्रेसलेट, सफेद धातु के छह सिक्के और एक ब्रेसलेट, एक मोबाइल फोन तथा 230 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस बरामद सामान को दर्ज मुकदमे से जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी की घटना में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता और चोरी किए गए शेष सामान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के जरिए की गई कार्रवाई से चोरी की वारदात का खुलासा करने में सफलता मिली।