लूटकांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटी बाइक बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 18 अक्टूबर 2026

लूटकांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटी बाइक बरामद

लूटकांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटी बाइक बरामद

पुलिस ने बाइक के पार्ट्स और मोबाइल भी किए बरामद, पहचान मिटाने के लिए घिस दिया था चेसिस नंबर

आगरा। थाना इरादतनगर पुलिस ने लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बाइक के अलग-अलग पार्ट्स और नकदी बरामद की है। आरोपियों ने लूट के बाद बाइक की पहचान मिटाने के लिए उसकी नंबर प्लेट हटा दी थी और चेसिस नंबर को घिसकर मिटाने का प्रयास किया था।

मामला 2 अक्टूबर 2026 का है। पीड़ित दिल्ली से अपने घर जा रहा था। शाम करीब 7:30 बजे कछपुरा के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोककर उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के संबंध में थाना इरादतनगर में मुकदमा अपराध संख्या 126/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना इरादतनगर पुलिस की टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 17 अक्टूबर की सुबह थाना क्षेत्र में चेकिंग और गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने नीकेश पुत्र राकेश और हरकेश पुत्र शिवसिंह को लादूखेड़ा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया, जबकि तीसरे आरोपी मनीष पुत्र प्रताप सिंह को उसके मकान से पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई। आरोपी नीकेश के पास से इन्फिनिक्स मोबाइल और 210 रुपये, हरकेश के पास से वीवो मोबाइल और 270 रुपये बरामद किए गए। वहीं आरोपी मनीष के कब्जे से वीवो मोबाइल, बाइक के अलग-अलग पार्ट्स तथा लूटी गई होंडा साइन 125 सीसी मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लूटी गई मोटरसाइकिल की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट हटा दी थी और चेसिस नंबर को घिसकर मिटाने का प्रयास किया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2), 317(5), 318(4) और 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की है।

थाना इरादतनगर पुलिस की कार्रवाई से लूट की वारदात का खुलासा होने के साथ ही घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

video

Pages