तेज रफ्तार वाहन ने छीनी जिंदगी, हादसे में युवती की मौत; आरोपी गिरफ्तार
ट्रांस यमुना पुलिस ने आमजन की मदद से कालिंदी विहार से दबोचा आरोपी, घटना में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन कब्जे में
आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुए दर्दनाक हादसे में युवती की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आमजन की सहायता से आरोपी अरबाज खान को कालिंदी विहार से गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त चार पहिया छोटा हाथी वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे एक परिवार की दो बेटियां अपनी सहेलियों के साथ कैला देवी मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने युवतियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि अन्य युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा अपराध संख्या 368/2026 के तहत धारा 281, 125बी और 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू करते हुए संभावित स्थानों पर दबिश दी। इसी क्रम में आमजन की सहायता से पुलिस ने आरोपी अरबाज खान को कालिंदी विहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद आरोपी की गिरफ्तारी से पीड़ित परिवार को न्याय की कार्रवाई आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।