आगरा के चार दोस्तों की जयपुर में दर्दनाक मौत, खाटू श्याम के दर्शन कर लौटते समय खाई में गिरी कार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 24 अक्टूबर 2026

आगरा के चार दोस्तों की जयपुर में दर्दनाक मौत, खाटू श्याम के दर्शन कर लौटते समय खाई में गिरी कार

आगरा के चार दोस्तों की जयपुर में दर्दनाक मौत, खाटू श्याम के दर्शन कर लौटते समय खाई में गिरी कार

टायर फटने से हुआ भीषण हादसा, दो दोस्त घायल; तीन बेटियों के पिता अतुल की मौत से परिवार में मचा कोहराम

आगरा:-खाटू श्याम के दर्शन और भजन-कीर्तन कर घर लौट रहे आगरा के छह दोस्तों की खुशियां राजस्थान में हुए भीषण सड़क हादसे के साथ मातम में बदल गईं। दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे पर रायसर के पास शुक्रवार सुबह कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में आगरा के चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले छह दोस्त कार से खाटू श्याम मंदिर गए थे। इनमें रामबाग निवासी अतुल, नुनिहाई निवासी राहुल शर्मा, बल्केश्वर निवासी अर्पित तथा कालिंदी विहार निवासी मुकुल, रूपेश और शिवा शामिल थे। सभी दोस्त धार्मिक यात्रा के बाद वापस आगरा लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह राजस्थान में रायसर के पास अचानक कार का टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

कार में फंसे दोस्तों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा के रूप में हुई है। वहीं राहुल शर्मा और अर्पित घायल हो गए। दोनों का जयपुर के निम्स अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर आगरा पहुंचते ही मृतकों के घरों में मातम छा गया।

खाटू श्याम में भजन-कीर्तन का लाइव प्रसारण कर लौट रहे थे दोस्त

परिजनों के मुताबिक, सभी दोस्त 21 अक्टूबर को खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। 22 अक्टूबर को एकादशी के अवसर पर वहां भजन-कीर्तन का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण करना था। कार्यक्रम और लाइव कवरेज पूरा करने के बाद सभी दोस्त आगरा के लिए रवाना हुए थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में दर्दनाक हादसा हो गया।
जिस धार्मिक यात्रा पर सभी दोस्त श्रद्धा और उत्साह के साथ गए थे, वही यात्रा चार परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम छोड़ गई। परिजन सुबह से ही अपनों की सलामती की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन हादसे की खबर ने उन्हें झकझोर कर रख दिया।

तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

हादसे में जान गंवाने वाले अतुल के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, अतुल की शादी वर्ष 2016 में हुई थी और उनकी तीन बेटियां हैं। परिवार में उनके पिता परचून की दुकान चलाते हैं। अतुल की असमय मौत से परिवार के सामने भावनात्मक दुख के साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।शुक्रवार सुबह करीब सात बजे आगरा में परिजनों को पुलिस के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। परिवार और परिचितों को इस दर्दनाक घटना पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है।राजस्थान में हुए इस हादसे ने आगरा के चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। धार्मिक यात्रा पर निकले छह दोस्तों में से चार की मौत और दो के घायल होने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

video

Pages