आगरा की रामबारात के फोटो देखिए: पुष्पवर्षा के बीच निकली ऐतिहासिक रामबारात, झांकियों ने मोहा मन - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

आगरा की रामबारात के फोटो देखिए: पुष्पवर्षा के बीच निकली ऐतिहासिक रामबारात, झांकियों ने मोहा मन

आगरा की रामबारात के फोटो देखिए: पुष्पवर्षा के बीच निकली ऐतिहासिक रामबारात, झांकियों ने मोहा मन

आगरा। “बरषहिं सुमन देव मुनि बृंदा, जय जय धुनि नभ मंडल गुंजा...” श्रीरामचरितमानस की यह पंक्ति मंगलवार को आगरा की धरती पर साकार होती नजर आई। उत्तर भारत की ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त श्रीराम बारात जब रावतपाड़ा से निकली तो पूरा पुराना शहर प्रभु श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। कहीं पुष्पवर्षा हुई तो कहीं आरती की थाल सजाकर स्वरूपों का स्वागत किया गया। छतों, दुकानों और सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ऐसा लगा मानो पूरा आगरा ही प्रभु श्रीराम की बारात का बाराती बन गया हो।

श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत श्रीरामलीला कमेटी की ओर से निकाली गई भव्य रामबारात में धर्म, अध्यात्म, पौराणिक संस्कृति, भारतीय परंपरा, सामाजिक समरसता और देशभक्ति का अद्भुत संगम दिखाई दिया। 168 सवारियों से सजा रामबारात का विराट कारवां जिस मार्ग से गुजरा, वहां श्रद्धा और उल्लास की लहर दौड़ती चली गई।

रामबारात में शामिल भव्य झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। देवी-देवताओं के स्वरूप, धार्मिक प्रसंगों और भारतीय संस्कृति को दर्शाती झांकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न सहित अन्य स्वरूपों का स्वागत किया। जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

रामबारात के गुजरने के दौरान पुराने आगरा की गलियां रोशनी और आस्था से जगमगा उठीं। घरों की छतों से लेकर बाजारों तक लोगों की भीड़ नजर आई। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में रामबारात को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालु मोबाइल कैमरों में इस ऐतिहासिक पल को कैद करते नजर आए।

रामबारात के साथ चल रही सजी-धजी सवारियों और आकर्षक झांकियों ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। बैंड-बाजों और धार्मिक धुनों के बीच श्रद्धालु झूमते रहे। जगह-जगह आरती और स्वागत के दृश्य देखते ही बन रहे थे।

video

Pages