आगरा। आगरा मेट्रो निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री चोरी करने वाले गिरोह का थाना सिकंदरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए तार के छह बंडल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी के चार अन्य बंडल भी बरामद किए गए हैं। इस तरह पुलिस ने कुल 10 बंडल तार बरामद किए हैं।
मामला सिकंदरा थाना क्षेत्र के रुनकता स्थित मेट्रो निर्माण कंपनी सीगल इंडिया लिमिटेड के कास्टिंग यार्ड का है। कंपनी में एचआर पद पर कार्यरत कर्मचारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात के समय यार्ड से तार के छह बंडल चोरी हो गए। इससे पहले भी इसी तरह तार के बंडल चोरी होने की घटनाएं हो चुकी थीं। कंपनी को आशंका थी कि चोरी की वारदात में उसके ही किसी कर्मचारी या वर्कर की भूमिका हो सकती है। शिकायत के आधार पर थाना सिकंदरा में मुकदमा संख्या 618/2026 दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देश पर थाना सिकंदरा पुलिस की टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त हरीपर्वत के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पुष्पेंद्र, गोविंद और नवीन को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के छह बंडल तार और घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं, नवीन से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर चोरी के चार अन्य बंडल भी बरामद हुए। पुलिस की इस कार्रवाई से मेट्रो निर्माण सामग्री की चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।