पति-पत्नी के विवाद सुलझाएगा आगरा पुलिस का नया केंद्र, मनोवैज्ञानिकों की टीम करेगी काउंसलिंग - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 27 नवंबर 2026

पति-पत्नी के विवाद सुलझाएगा आगरा पुलिस का नया केंद्र, मनोवैज्ञानिकों की टीम करेगी काउंसलिंग

पति-पत्नी के विवाद सुलझाएगा आगरा पुलिस का नया केंद्र, मनोवैज्ञानिकों की टीम करेगी काउंसलिंग

आगरा। पारिवारिक विवादों को बढ़ने से रोकने और पति-पत्नी के रिश्तों को टूटने से बचाने के लिए आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब पारिवारिक विवादों का समाधान केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विशेषज्ञ मनोवैज्ञानिकों और समाजशास्त्रियों की मदद से विवादों की जड़ तक पहुंचकर उनका स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड परिसर में परिवार विवाद निवारण केंद्र (FDRC) की स्थापना की गई है।

पुलिस मंथन-2025 की संस्तुतियों के क्रम में प्रदेश के सभी जनपदों में परिवार विवाद निवारण केंद्र स्थापित किए जाने की पहल की गई है। इसी क्रम में मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर आगरा में इस केंद्र की शुरुआत की गई। 26 नवंबर को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।

इस केंद्र के संचालन के लिए आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने शारदा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. परमानंद के सहयोग से 22 अक्टूबर 2026 को समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया था। इसके तहत छह अनुभवी विशेषज्ञों का पैनल नियुक्त किया गया है। इनमें मनोवैज्ञानिक के रूप में डॉ. आंचल शर्मा और डॉ. चंचल शर्मा, बिहेवियरल साइंस एवं सोशल वर्क के विशेषज्ञ डॉ. आलोक रंजन और डॉ. पल्लवी गुप्ता तथा समाजशास्त्री डॉ. सोनी शर्मा और डॉ. अवनीत कुमार निम शामिल हैं।

विशेषज्ञों की टीम पारिवारिक विवादों के मूल कारणों की पहचान कर पति-पत्नी और संबंधित पक्षों की गहन काउंसलिंग करेगी। आपसी मतभेद, तनाव और रिश्तों में बढ़ती दूरियों को समझकर संवाद एवं सहमति के जरिए सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य छोटे-छोटे विवादों को गंभीर रूप लेने से रोकना और टूटते पारिवारिक रिश्तों को बचाने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।

video

Pages