मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने वाले 14 बीएलओ सम्मानित, डीएम मनीष बंसल ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 22 नवंबर 2026

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने वाले 14 बीएलओ सम्मानित, डीएम मनीष बंसल ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने वाले 14 बीएलओ सम्मानित, डीएम मनीष बंसल ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह

आगरा। विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने बीएलओ के समर्पण, मेहनत और कार्यशैली की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।इस दौरान जिलाधिकारी ने सम्मानित बीएलओ से अभियान के दौरान सामने आई चुनौतियों और उनके अनुभवों की जानकारी ली। एक बीएलओ ने बताया कि मतदाताओं में जागरूकता की कमी के कारण लोग मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में रुचि नहीं लेते। ऐसे में घर-घर जाकर व्यक्तिगत प्रयास करने पड़े। महिलाओं द्वारा संकोच के कारण फोटो उपलब्ध नहीं कराने पर स्वयं फोटो लेकर उनका पंजीकरण कराया गया।

एक अन्य बीएलओ ने बताया कि आम लोगों में पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची को लेकर भ्रम है। कई लोग समझते हैं कि पंचायत चुनाव की सूची में नाम दर्ज होने से विधानसभा की मतदाता सूची में भी नाम शामिल हो जाता है। उन्हें विधानसभा की मतदाता सूची पढ़कर सुनाई गई तो परिवार के छूटे हुए सदस्यों के नाम दर्ज कराने के लिए उन्होंने रुचि दिखाई।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण और अद्यतन करना निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। इस अभियान में बीएलओ की भूमिका बेहद अहम है। घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन करना, पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल कराना और त्रुटियों को दूर करना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बीएलओ का समर्पण और तत्परता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान देता है।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान में इसी प्रतिबद्धता के साथ काम करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कार्मिकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

सम्मानित होने वाले बीएलओ में आगरा उत्तर से खजान सिंह, फतेहपुर सीकरी से हरेराम शर्मा, इंदु, रिंकी गुप्ता और अंजली, बाह से सुमित कुमार गौतम, फतेहाबाद से संजीव कुमार, एत्मादपुर से रिजवान अब्बास, उमेश कुमार और संतोष कुमार, आगरा ग्रामीण से सुरमिला देवी, आगरा दक्षिण से शशि दुबे, खेरागढ़ से सत्यभान सिंह तथा आगरा कैंट से पंचप्रकाश दुबे शामिल रहे।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान तथा उपजिलाधिकारी नरेंद्र गंगवार मौजूद रहे।

video

Pages