बाजरे की पूलियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 30 लाख की अवैध शराब, मलपुरा पुलिस ने पकड़ी 201 पेटियां - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 6 नवंबर 2026

बाजरे की पूलियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 30 लाख की अवैध शराब, मलपुरा पुलिस ने पकड़ी 201 पेटियां

बाजरे की पूलियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 30 लाख की अवैध शराब, मलपुरा पुलिस ने पकड़ी 201 पेटियां


आगरा। राजस्थान में शराब की खपत बढ़ने और आगामी चुनावों में मोटा मुनाफा कमाने की तैयारी कर रहे शराब तस्करों के मंसूबों पर आगरा की मलपुरा पुलिस ने पानी फेर दिया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाजरे की सूखी पूलियों और गत्तों के नीचे छिपाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। ट्रॉली में 201 पेटियां शराब भरी हुई थीं, जिनमें कुल 9,648 पव्वे मिले हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।

थाना मलपुरा पुलिस की टीम गुरुवार को क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरारा क्षेत्र में स्थित एक बाड़े से अवैध शराब से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आबकारी विभाग की टीम को मौके पर बुलाया और संयुक्त रूप से घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर सहित ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई। ट्रैक्टर पर सवार प्रेम सिंह को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

ट्रॉली की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। ऊपर से सूखे बाजरे की पूलियां और गत्ते रखे हुए थे, जबकि उनके नीचे अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने एक-एक कर कुल 201 पेटियां बरामद कीं, जिनमें 9,648 पव्वे शराब मिली। सभी पेटियों पर 'For Sale UT Chandigarh' अंकित था। इससे स्पष्ट हुआ कि शराब चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित थी, लेकिन उसे अवैध रूप से दूसरे राज्य में सप्लाई करने की तैयारी थी।

चुनाव में खपाने के लिए जुटा रहे थे शराब का स्टॉक

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी प्रेम सिंह ने बताया कि राजस्थान में सरपंच पद के चुनाव होने के कारण वहां शराब की मांग और खपत बढ़ गई है। इसी को देखते हुए शराब की खेप राजस्थान सप्लाई करने के लिए ले जाई जा रही थी। आरोपी ने यह भी बताया कि आगामी विधानसभा और ग्राम पंचायत चुनावों के दौरान पुलिस की चेकिंग और सख्ती बढ़ने की आशंका के चलते पहले से ही शराब का स्टॉक एकत्रित किया जा रहा था, ताकि चुनाव के समय इसे अधिक कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जा सके।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम सिंह पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम बरारा, थाना मलपुरा, आगरा के रूप में की है। मामले में वेदप्रकाश पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्राम बरारा और आशीष पुत्र पप्पू निवासी सरेंधी, थाना जगनेर, आगरा को वांछित किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages