पशु आहार और सरसों की खाली बोरियों से तैयार हो रही जैकेट, सर्द हवाओं से मिलेगी सुरक्षा; डीईआई के लेदर वर्किंग स्कूल ने दिया डिजाइन
आगरा। सर्दी के मौसम में इंसानों के साथ बेजुबान पशुओं को भी ठंड से बचाने की जरूरत होती है। इसी सोच के साथ दयालबाग की गोशाला ने एक अनूठी और किफायती पहल की है। यहां गायों और भैंसों को ठंड से बचाने के लिए महज 40 रुपये की लागत से विंटर जैकेट तैयार की गई हैं। खास बात यह है कि इन जैकेट को नई सामग्री से नहीं, बल्कि इस्तेमाल के बाद अनुपयोगी हो चुकी पशु आहार और सरसों की बोरियों से बनाया गया है।परम पूज्य गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सत्संगी साहब के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों में वर्ष 1926 में स्थापित दयालबाग गोशाला (आरएस सभा गोशाला) ने दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) के लेदर वर्किंग स्कूल के सहयोग से यह अभिनव प्रयोग किया है। इसका उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों का दोबारा उपयोग करते हुए कम लागत में पशुओं के लिए उपयोगी शीतकालीन सुरक्षा तैयार करना है
गोशाला के प्रबंधक प्रखर मेहरा के मुताबिक, जैकेट की बाहरी परत में पशु आहार की खाली बोरी का इस्तेमाल किया गया है, जो हवा और पानी के प्रभाव को रोकने में मदद करती है। वहीं, अंदर की परत सरसों रखने के बाद खाली हुई जूट की बोरी से तैयार की गई है। जूट की प्राकृतिक परत पशुओं के शरीर की गर्माहट बनाए रखने में सहायक होती है। इस तरह एक जैकेट तैयार करने में करीब 40 रुपये की लागत आई है।
जैकेट के डिजाइन और निर्माण में डीईआई की टीम के डॉ. अतुल और उनके सहयोगी अमन ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गोशाला की ओर से सामग्री उपलब्ध कराई गई, जबकि डिजाइन और निर्माण का काम डीईआई के लेदर वर्किंग स्कूल में किया गया। इस पहल से अनुपयोगी बोरियों का बेहतर इस्तेमाल होने के साथ पशुओं को सर्दी से बचाने का किफायती विकल्प भी सामने आया है।
गोशाला के सलाहकार मृत्युंजय माथुर ने बताया कि सर्दियों में पशुओं की देखभाल के लिए केवल जैकेट ही नहीं, बल्कि उनके खानपान और दिनचर्या पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनके आहार में गुड़, दलिया और तिल शामिल किए जा रहे हैं। इसके साथ नियमित टहलाने, व्यायाम कराने और विशेष काढ़ा देने की व्यवस्था भी की गई है।