आगरा में 50 से अधिक विद्यालयों के 400 विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा, सीवी रमन जयंती समारोह में मॉडल और नवाचारों ने मोहा मन - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 24 नवंबर 2026

आगरा में 50 से अधिक विद्यालयों के 400 विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा, सीवी रमन जयंती समारोह में मॉडल और नवाचारों ने मोहा मन

आगरा में 50 से अधिक विद्यालयों के 400 विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा, सीवी रमन जयंती समारोह में मॉडल और नवाचारों ने मोहा मन

आगरा। महान भारतीय वैज्ञानिक एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित सर चंद्रशेखर वेंकट रमन की जन्म जयंती के अवसर पर 23 नवंबर को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, शाहगंज में जनपद स्तरीय सर सीवी रमन जन्म जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

 विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जिलाधिकारी मनीष बंसल एवं मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला विज्ञान क्लब आगरा की ओर से आयोजित समारोह में जनपद के 50 से अधिक विद्यालयों के लगभग 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, पोस्टर निर्माण, रंगोली और स्लोगन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र पाल सिंह तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक बालिका विश्व प्रताप सिंह, डॉ. रामनाथ गौतम, डॉ. आनंद राय, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मानवेंद्र सिंह और जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक डॉ. निखिल जैन सहित विशिष्ट अतिथियों ने मां सरस्वती एवं सर सीवी रमन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया।समारोह में आगरा कॉलेज के भौतिक विज्ञान विभाग के प्रोफेसर बृजेंद्र कुमार शर्मा, आरबीएस कॉलेज के प्रोफेसर रामवीर सिंह चौहान और आगरा कॉलेज के प्रोफेसर चंद्रवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने सर सीवी रमन के जीवन, उनके वैज्ञानिक योगदान और रमन प्रभाव की खोज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, सवाल पूछने, जिज्ञासु बनने और नए प्रयोगों के माध्यम से नवाचार करने के लिए प्रेरित किया।अतिथियों ने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए विज्ञान मॉडल और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा को पहचानने और आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

जिला विज्ञान क्लब की ओर से प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मानवेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, मार्गदर्शक शिक्षकों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. राजेंद्र सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर रीता यादव, मीता वर्मा, अंकुश अग्रवाल, अमित महेश्वरी, नेहा अग्रवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

video

Pages