आगरा। मतदाता जोड़ो अभियान के तहत बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने 23 नवंबर को बाह विधानसभा क्षेत्र के जैतपुरकलां ब्लॉक स्थित शक्ति केंद्र कोरथ के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ मतदाता सूचियों का अवलोकन किया और नए एवं पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए भरे जा रहे फॉर्म-6 की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और सक्रिय नागरिकों की भागीदारी पर निर्भर करती है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। इसके लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है, ताकि कोई भी व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता जोड़ो अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और समावेशी लोकतांत्रिक व्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।