भक्ति और उल्लास के बीच निकली श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा, 50 से अधिक झांकियों ने दिया धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 24 नवंबर 2026

भक्ति और उल्लास के बीच निकली श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा, 50 से अधिक झांकियों ने दिया धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश

भक्ति और उल्लास के बीच निकली श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा, 50 से अधिक झांकियों ने दिया धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश


आगरा। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को बल्केश्वर रोड स्थित गौशाला परिसर से भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर शोभायात्रा ने शहरवासियों का मन मोह लिया। आकर्षक धार्मिक झांकियों और भगवान के दिव्य स्वरूपों के दर्शन के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी उत्सुकता देखने को मिली। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और आरती कर भगवान का स्वागत किया। शोभायात्रा के माध्यम से भारतीय अध्यात्म, धर्म, संस्कृति, राष्ट्रीय भावना और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।

बल्केश्वर रोड स्थित गौशाला परिसर से निकली शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भगवान की आरती उतारकर किया। शोभायात्रा में खाटू श्याम जी, पीतांबरा माता, नरसिंह अवतार, जेल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, सुदामा के चरण धोते भगवान श्रीकृष्ण, चीरहरण और भोलेनाथ सहित 50 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इसके साथ ही विद्युत शवदाह को प्रोत्साहित करने सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर आधारित झांकियों के माध्यम से लोगों को जागरूकता का संदेश दिया गया।

शोभायात्रा के अंत में फूलों से सजे भव्य रथ में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम के स्वरूप विराजमान थे। रथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने भगवान की आरती उतारी और अपनी श्रद्धा प्रकट की। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर धार्मिक माहौल बना रहा।

शोभायात्रा गौशाला परिसर से प्रारंभ होकर जीवनी मंडी, भैरों बाजार, बेलनगंज, कचहरीघाट, छत्ता बाजार, दरेसी नंबर दो, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, सेवका बाजार, फुलट्टी, छिलीईंट घटिया, सिटी स्टेशन मार्ग, धूलियागंज और पथवारी होते हुए पुनः बेलनगंज के रास्ते गौशाला परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर गिर्राज बंसल, शेखर गोयल, विजय रोहतगी, शोभायात्रा संयोजक बृजेश अग्रवाल, अनूप गोयल, मनोज अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, मनोज बंसल (चैंबर अध्यक्ष), सचिन सारस्वत, आशु रोहतगी, पंकज मोहन, अनंत उपाध्याय, विष्णु कुमार अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

video

Pages