इंस्टाग्राम पर 'अर्जुन कपूर' बनकर महिला को प्रेमजाल में फंसाया, सीबीआई और जेल का डर दिखाकर 6.70 लाख रुपये ठगे - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 24 नवंबर 2026

इंस्टाग्राम पर 'अर्जुन कपूर' बनकर महिला को प्रेमजाल में फंसाया, सीबीआई और जेल का डर दिखाकर 6.70 लाख रुपये ठगे

इंस्टाग्राम पर 'अर्जुन कपूर' बनकर महिला को प्रेमजाल में फंसाया, सीबीआई और जेल का डर दिखाकर 6.70 लाख रुपये ठगे

आगरा। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना सिकंदरा की एक महिला को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर 'अर्जुन कपूर' नाम से संपर्क करने वाले साइबर ठग ने महिला को अपने जाल में ऐसा फंसाया कि वह लगातार उसके कहने पर रुपये ट्रांसफर करती रही। आरोपी ने कभी मुंबई एयरपोर्ट पर पुलिस द्वारा पकड़े जाने तो कभी दिल्ली एयरपोर्ट पर सीबीआई की गिरफ्त में होने का डर दिखाया। परिवार को जेल भेजने और घर पर पुलिस पहुंचने की धमकी देकर आरोपी ने महिला से करीब 6.70 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर महिला ने साइबर थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला के मुताबिक, कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान अर्जुन कपूर नाम के युवक से हुई थी। शुरुआत में आरोपी ने सामान्य बातचीत की और खुद को सभ्य व भरोसेमंद दिखाकर महिला का विश्वास जीत लिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई। आरोपी ने भारत आकर हर्बल लाइफ उत्पाद इस्तेमाल करने की बात भी कही। इसके बाद उसने ठगी का सिलसिला शुरू कर दिया।

महिला ने बताया कि 15 नवंबर को आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर कहा कि मुंबई एयरपोर्ट पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया है और भारत में प्रवेश करने के लिए 80 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। घबराई महिला ने दो बार क्यूआर कोड के जरिए 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। करीब एक घंटे बाद आरोपी ने एयरपोर्ट से बाहर निकलने के नाम पर 15 हजार रुपये और मांग लिए। महिला ने यह रकम भी ऑनलाइन भेज दी।

आरोपी ने उसी शाम नया बहाना बनाते हुए बताया कि उसके पास मौजूद पाउंड, हीरे की अंगूठी और सोने को कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है। इस परेशानी से निकलने के नाम पर उसने महिला से 1.40 लाख रुपये और ट्रांसफर करा लिए। अगले दिन आरोपी ने फिर व्हाट्सएप कॉल करके दिल्ली एयरपोर्ट पर सीबीआई द्वारा पकड़े जाने का दावा किया। उसने मामले से बचने के लिए 3.20 लाख रुपये मांगे। महिला ने डर के चलते कई बार में आरटीजीएस के जरिए रकम भेज दी।

17 नवंबर को आरोपी ने सामान की जांच का वीडियो भेजकर चार लाख रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, उसने अन्य लोगों से भी महिला की बात कराई और जेल भेजने के साथ घर पर सीबीआई व पुलिस पहुंचने की धमकी दी। दहशत में आई महिला ने आरटीजीएस के माध्यम से चार लाख रुपये और भेज दिए। इसके बाद भी आरोपी की मांग बंद नहीं हुई और उसने 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर दी।

लगातार रुपये मांगने पर महिला परेशान हो गई। आखिरकार उसने पूरी घटना की जानकारी अपने पति को दी। पति ने आगे रकम देने से इनकार कर दिया और मोबाइल लेकर बैंक खाते की जांच की तो खाते में जमा रकम खत्म हो चुकी थी। महिला ने बताया कि परिवार को जेल भेजने की धमकी और पति के घर से बाहर होने की जानकारी के कारण वह आरोपी के डराने-धमकाने में फंसती चली गई।

मामले में डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिन बैंक खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई है, उनके माध्यम से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस इंस्टाग्राम पर 'अर्जुन कपूर' नाम से सक्रिय यूजर की पहचान करने में जुटी है।

video

Pages