आगरा। गुजरात में लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को यूपी एसटीएफ आगरा यूनिट ने खंदौली क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी मथुरा जिले के रहने वाले हैं और गुजरात के राजकोट में दर्ज लूट के मामले में वांछित थे। 22 नवंबर को एसटीएफ ने यमुना एक्सप्रेसवे के पास घेराबंदी कर उस समय दोनों को दबोच लिया, जब वे नोएडा की ओर जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आस मोहम्मद उर्फ आशु और विजय के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ गुजरात के राजकोट स्थित बी डिवीजन थाने में लूट और डकैती का मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि दोनों ने बैंक में रुपये जमा कराने जा रहे एक व्यक्ति को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही दोनों फरार चल रहे थे।
यूपी एसटीएफ आगरा यूनिट दोनों वांछित आरोपियों की तलाश में लगातार सुराग जुटा रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि दोनों आरोपी आगरा के रास्ते नोएडा की ओर जाने वाले हैं। एएसपी राकेश की निगरानी में एसटीएफ टीम ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी। 22 नवंबर को खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आस मोहम्मद उर्फ आशु का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लूट और डकैती के मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। एसटीएफ दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गुजरात की वारदात के अलावा वे अन्य आपराधिक घटनाओं में तो शामिल नहीं रहे हैं।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को थाना खंदौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। अब गुजरात पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर राजकोट जाने की तैयारी में है, जहां उनसे लूट और डकैती के मामले में पूछताछ की जाएगी। गुजरात में वारदात कर फरार हुए आरोपियों की आगरा में गिरफ्तारी को एसटीएफ की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।