आगरा पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही गुल हुई बिजली, बचाव दल ने संभाला मोर्चा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 23 नवंबर 2026

आगरा पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही गुल हुई बिजली, बचाव दल ने संभाला मोर्चा

आगरा पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही गुल हुई बिजली, बचाव दल ने संभाला मोर्चा


आगरा। किसी भी आपात स्थिति और हवाई हमले जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम पुलिस लाइन आगरा में सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफल आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी, बिजली आपूर्ति बंद करने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, आग बुझाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।

प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में शाम छह बजे पुलिस लाइन के ग्राउंड में मॉक ड्रिल शुरू हुई। हवाई हमले से बचाव का लंबा सायरन बजते ही टोरेंट पावर विभाग ने मॉक ड्रिल के आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके साथ ही नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवकों और अन्य प्रतिभागियों ने निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर शरण लेकर बचाव प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।

शाम 6:06 बजे खतरा समाप्त होने का संकेत देने वाला सायरन बजाया गया। इसके बाद बचाव और राहत कार्यों का अभ्यास शुरू हुआ। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाने का प्रदर्शन किया, जबकि नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेटों ने घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। वहीं एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी बचाव कार्यों में सहभागिता की। पुलिस विभाग ने पूरे अभ्यास के दौरान यातायात एवं कानून-व्यवस्था का समन्वय संभाला।मॉक ड्रिल में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, टोरेंट पावर, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों को परखा गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक पूर्वाभ्यास था। आसपास के नागरिकों और रिहायशी क्षेत्रों में पहले ही सूचना दे दी गई थी, ताकि सायरन और बिजली आपूर्ति बंद होने से किसी प्रकार की अफरा-तफरी न मचे।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार, एसीपी अमीषा एवं प्रीता, नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक मुनेश कुमार गुप्ता, सहायक उप नियंत्रक गुलाम नबी, डिप्टी चीफ वार्डन भूपेंद्र शिवहरे सहित पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

video

Pages