खंदौली में ग्रामीण युवाओं ने खेल मैदान में दिखाया दमखम, कबड्डी से लेकर दौड़ तक खिलाड़ियों ने बिखेरी प्रतिभा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 23 नवंबर 2026

खंदौली में ग्रामीण युवाओं ने खेल मैदान में दिखाया दमखम, कबड्डी से लेकर दौड़ तक खिलाड़ियों ने बिखेरी प्रतिभा

खंदौली में ग्रामीण युवाओं ने खेल मैदान में दिखाया दमखम, कबड्डी से लेकर दौड़ तक खिलाड़ियों ने बिखेरी प्रतिभा


आगरा। ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने और उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खंदौली में मेरा युवा भारत, आगरा की ओर से दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भगत सिंह युवा मंडल, सेमरा के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों के युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच शानदार मुकाबले देखने को मिले।कार्यक्रम का शुभारंभ खंदौली के ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने कहा कि मेरा युवा भारत का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें अवसर और प्रोत्साहन देने की है। युवा अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग खेल, सामाजिक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में करें।

एडवोकेट उमेश चौहान ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में मेहनत, अनुशासन और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। वहीं भगत सिंह युवा मंडल, सेमरा के अध्यक्ष श्याम सुंदर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। युवाओं को खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

दो दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता के परिणामों में कबड्डी में शोभाराम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में सपना, 200 मीटर दौड़ में अंकित थैनुआ तथा 100 मीटर दौड़ में महक और भानु ने प्रथम स्थान हासिल किया।

आयोजन को सफल बनाने में अंकित, अर्शी और हिमांशु का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ खेलों के प्रति जागरूक होने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला। मेरा युवा भारत, आगरा की ओर से युवाओं के सर्वांगीण विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं।

video

Pages