यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश, एमजी रोड पर चला अभियान - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 12 नवंबर 2026

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश, एमजी रोड पर चला अभियान

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश, एमजी रोड पर चला अभियान


ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को पंपलेट बांटकर किया जागरूक, सुरक्षित सफर के लिए नियमों के पालन की अपील


आगरा। यातायात माह नवंबर 2026 के तहत आगरा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस उपायुक्त यातायात ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद के निर्देशन में एमजी रोड पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान यातायात निरीक्षक ने ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के साथ-साथ राहगीरों और आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। चालकों को सड़क पर निर्धारित नियमों का पालन करने, यातायात संकेतों को समझने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि वे नियमों की जानकारी हासिल कर अपने दैनिक सफर में उनका पालन कर सकें।पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को समझाया कि यातायात नियम केवल चालान और कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं की और दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। थोड़ी सी लापरवाही सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय अनुशासन, धैर्य और सावधानी बेहद जरूरी है।

पुलिस उपायुक्त यातायात ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य लोगों में यातायात के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जनसहभागिता बढ़ाना है।

आगरा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, दूसरों को भी जागरूक बनाएं और सुरक्षित सफर को अपनी प्राथमिकता बनाएं।

video

Pages