आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में उधार के रुपये वापस करने के बावजूद दोबारा रकम मांगने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने के मामले में फतेहाबाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अवंतीबाई पेट्रोल पंप के पास वादी के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने थाना फतेहाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने विपक्षी केशव जादौन पुत्र साहब सिंह जादौन से कुछ रुपये उधार लिए थे, जिन्हें ब्याज सहित वापस कर दिया था। इसके बावजूद केशव जादौन दोबारा रुपये मांगने लगा। पीड़ित द्वारा रकम देने से इनकार करने पर उसे फोन पर डराया-धमकाया गया। आरोप है कि इसके बाद केशव जादौन अपने अन्य साथियों के साथ अवंतीबाई पेट्रोल पंप के पास पहुंचा और पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फतेहाबाद पर मुकदमा संख्या 322/2026 धारा 109(1), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में घटना के अनावरण के लिए सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद ने पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थाना फतेहाबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने निबोहरा की ओर जाने वाले रास्ते के पास से घटना में संलिप्त आरोपी केशव जादौन पुत्र साहब सिंह जादौन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को फायरिंग की घटना के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।