आगरा। पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को डीसीपी पूर्वी कार्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन IMA आगरा एवं Village Awareness Society के सहयोग से किया गया।
शिविर में पुलिस उपायुक्त पूर्वी अभिषेक अग्रवाल, एसीपी पिनाहट अनिल कुमार, थाना प्रभारी बमरौली कटारा सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों की शुगर, हृदय, हड्डियों समेत विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं।शिविर के माध्यम से पुलिसकर्मियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और अपनी सेहत के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। पुलिस विभाग की व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्यशैली के बीच इस तरह के स्वास्थ्य शिविर पुलिसकर्मियों के शारीरिक स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।