आगरा। भोपाल में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी की सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को भोपाल पुलिस ने आगरा के रुनकता क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपनी महिला मित्र से मिलने आगरा आया था। पुलिस टीम ने उसे सिकंदरा हाईवे स्थित रुनकता इलाके में घेरने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सूरज नगर में 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद घर में केयरटेकर के रूप में काम करने वाला वरुण कुमार फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
आरोपी की तलाश में भोपाल पुलिस की टीमें लगातार अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही थीं। ग्वालियर, मथुरा के वृंदावन और पंजाब सहित कई स्थानों पर उसकी तलाश की गई, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। जांच के दौरान उसकी लोकेशन आगरा और मथुरा में मिलने लगी। इसके बाद भोपाल पुलिस ने आरोपी की तस्वीर आगरा और मथुरा पुलिस को भेजकर तलाश में सहयोग मांगा।
एसआईटी की जांच में पता चला कि आरोपी वरुण कुमार की महिला मित्र आगरा में रहती है। इस जानकारी के बाद भोपाल पुलिस की विशेष जांच टीम ने आगरा और मथुरा में डेरा डाल दिया। करीब दस दिनों तक लगातार निगरानी और तलाश की गई। पुलिस टीम के सदस्य पिछले पांच दिनों से संदिग्ध स्थानों पर रिक्शा चालक और सब्जी विक्रेता के वेश में घूमकर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
सोमवार को भोपाल पुलिस की टीम को सिकंदरा हाईवे के रुनकता क्षेत्र में आरोपी की लोकेशन मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने प्रेसवार्ता में गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी लगातार मथुरा और आगरा में अपनी लोकेशन बदल रहा था। विशेष टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। आखिरकार रुनकता क्षेत्र में उसे पकड़ने में सफलता मिली।