जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आईजीआरएस से सम्बन्धित शिकायतों के निस्तारण हेतु समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न। - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 14 जनवरी 2025

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आईजीआरएस से सम्बन्धित शिकायतों के निस्तारण हेतु समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आईजीआरएस से सम्बन्धित शिकायतों के निस्तारण हेतु समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न।

आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल, तहसील दिवस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं सार्थक निस्तारण शासन की प्राथमिकता, निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नही होगी क्षम्य-जिलाधिकारी।

आगरा:-जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में जन समस्याओं से सम्बन्धित आईजीआरएस पोर्टल, मुख्यमंत्री पोर्टल तथा तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आहूत की गई। 
बैठक में नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी श्री चंद्र पाल द्वारा उनसे सम्बन्धित जन शिकायतों के निस्तारण पर 02 शिकायतकर्ताओं द्वारा असंतुष्ट फीडबैक दिये जाने के सम्बन्ध में तथा शिकायत के सम्बन्ध में भी अनभिज्ञता व्यक्त की गई, जिस पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा  नगर आयुक्त महोदय को सूचित करते हुए सम्बन्धित का स्पष्टीकरण मांगे जाने हेतु पत्राचार किये जाने के निर्देश दिए गये। उक्त के अतिरिक्त जिला विद्यालय निरीक्षक, अधिशासी अभियंता सिंचाई तथा प्रधानाचार्य आईटीआई के बैठक में अनुपस्थित रहने के कारण अग्रिम आदेशों तक वेतन आहरण पर रोक लगाये जाने के निर्देश दिए गये। साथ ही साथ हेल्पलाइन पर प्राप्त 06 जन शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर 06 शिकायतकर्ताओं द्वारा असंतोष व्यक्त करते हुए कोई कार्यवाही न किये जाने सम्बन्धी फीडबैक दिया गया, जिस पर कार्यों में शिथिलता बरतने के कारण तहसीलदार फतेहाबाद का भी अग्रिम आदेशों तक वेतन आहरण पर रोक लगाये जाने के निर्देश दिए गये।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा आनलाइन शिकायतों के निस्तारण गुणवत्तापूर्ण न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए गये कि सभी अधिकारी अपने विभाग से सम्बन्धित आनलाइन शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्दर किया जाए और यदि किसी विभाग के अधिकारी द्वारा अपने व अपने अधीनस्थों से सम्बन्धित शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के अन्दर नहीं किया जाता है तो उस जनपद स्तरीय अधिकारी की विभागीय जिम्मेदारी सुनिश्चित करते हुए उनके विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही की जायेगी एवं ऐसे अधिकारियों के उच्चाधिकारियों को भी कार्यों में शिथिलता बरतने के सम्बन्ध में पत्राचार कर अवगत कराया जायेगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी जनपद स्तरीय अधिकारी प्रातः से अपने कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई के दौरान आमजन की शिकायतों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। 
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि वर्तमान माह में कोई भी प्रकरण डिफाल्ट श्रेणी में न आये तथा अपलोड की गई आख्या चाहे वह स्वयं की हो या अधीनस्थ की हो का अवलोकन अवश्य करें तथा संतुष्ट होने की स्थिति में ही अग्रसारित की जाये।  उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनपद स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन प्रातः काल स्वयं का लॉगिन कर अपने विभाग से सम्बन्धित शिकायतों का अवलोकन करें तथा डिफाल्ट श्रेणी में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रो0) प्रशान्त तिवारी, जिला विकास अधिकारी राकेश रंजन, मुख्य चिकित्साधिकारी अरूण श्रीवास्तव एवं जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नागेन्द्र सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी व तहसीलदार एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे। 
----------------------

video

Pages