आगरा। राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के द्वारा राणा सांगा पर दिए गए विवादित बयान के बाद करणी सेना बुधवार को उनके घर पर बुलडोजर लेकर पहुंच गई। यहां पर कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ के बाद पथराव किया। रामजीलाल सुमन मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस ने लाठी चार्ज कर बड़ी मुश्किल से स्थिति को काबू में किया। घटना में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
रामजीलाल सुमन ने राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर बयान दिया था। इसको लेकर देश भर में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। बुधवार को बड़ी संख्या में करणी सेना के पदाधिकारी और सदस्य एत्मादपुर के कुबेरपुर में पहुंचे। 12.15 बजे बुलडोजर पर सवार होकर करणी सेना के पदाधिकारी और सदस्य राज्यसभा सदस्य सुमन के घर की ओर निकल लिए। आगरा- दिल्ली हाईवे पर वे आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों की संख्या कम होने के कारण करणी सेना का काफिला नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने कई स्थानों पर बैरियर लगाकर रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। धीरे-धीरे कार्यकर्ता आवास के पास पहुंच गए। यहां पुलिस ने बुलडोजर रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ता पीछे से उनके आवास पर पहुंच गए और वहां पर रखी कुर्सियां तोड़ दीं। रामजीलाल सुमन के समर्थन में कुछ सपा समर्थक पहुंचे उनकी करणी सेना के पदाधिकारी के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद मौके पर पथराव हो गया। कई गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए गए। पुलिस के सामने सब होता रहा और वह सब देखती रही। बड़ी मुश्किल से हालातों पर काबू पाया गया। कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।