आगरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10वीं के छात्र को चौकी पर रोकने के मामले में दो दरोगा सस्पेंड
आगरा के मिढ़ाकुर क्षेत्र में 10वीं के छात्र के साथ पुलिस चौकी में हुई मारपीट के मामले में दो दरोगाओं को सस्पेंड कर दिया गया है। छात्र का गांव के ही एक नाबालिग किशोर से 18 फरवरी को विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया, जहां छात्र को रोक लिया गया और उसके परिजनों को घर भेज दिया गया।
पुलिस ने पूरे मामले का वीडियो जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन फिर भी छात्र को चौकी पर रोका गया, जो न्याय के नैसर्गिक सिद्धांत के खिलाफ है। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी और सहायक पुलिस आयुक्त अछनेरा ने मौके का निरीक्षण किया और बच्चे का मेडिकल/एक्स-रे कराया, जिसमें हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है।