शमसाबाद में पुलिस ने पकड़ा मादक पदार्थ तस्कर, 2 किलो 230 ग्राम अवैध गांजा बरामद
आगरा के शमसाबाद में पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी रिंकू उर्फ जितेंद्र यादव के पास से 2 किलो 230 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। इस तस्कर पर पहले से 14 मुकदमे दर्ज हैं।
शमसाबाद थाना पुलिस और पूर्वी जोन की सर्विलांस सेल ने संयुक्त रूप से की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 18 फरवरी की रात इकलासपुरा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान रिंकू उर्फ जितेंद्र यादव (34 वर्ष) पुत्र पप्पू उर्फ राजबहादुर के रूप में हुई। वह एटा जिले के निधौली कला थाना क्षेत्र के गूदरगंज गांव का निवासी है। जांच में सामने आया कि रिंकू पर चोरी, तस्करी और लूट जैसे विभिन्न अपराधों के करीब 14 मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।