आगरा में 96 फ्लैट की एक ऐसी सोसाइटी, 2017 में हुई थी लांच. 9 साल में केवल 6 फ्लैट ही बिके
आगरा में आवास विकास परिषद के सिकंदरा योजना में सेक्टर 2 सी में आवासीय कॉलोनी ग्रीन एन्कलेव बनी हुई है. इस सोसाइटी की लांचिंग 2017 में हुई थी. 9 साल बीत चुके हैं लेकिन सोसाइटी के 96 फ्लैट में से यहां सिर्फ अब तक 6 फ्लैट का ही आवंटन हुआ है. परिषद की ओर से कई बार पहले आओ पहले पाओ के साथ 15 प्रतिशत तक की छूट भी दी गई लेकिन लोगों ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई।
मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण
बुधवार को मण्डल आयुक्त नगेंद्र प्रताप द्वारा आवास विकास परिषद के सिकंदरा योजना के अंतर्गत सेक्टर 2 सी में निर्मित ग्रीन एनक्लेव का आकस्मिक निरीक्षण किया गया. स्थलीय निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण के 9 वर्ष से अधिक हो जाने के कारण कई आवासीय फ्लैट जर्जर अवस्था में थे, कमरों में सीलन थी और जगह जगह टूट फूट हो रखी थी. वहीं बिल्डिंग की बाहरी हालत खराब थी. आवासीय फ्लैट का समुचित रखरखाव नहीं किया जा रहा है। निर्देश दिए गए कि बिल्डिंग और फ्लैट में मरम्मत तथा रंगाई पुताई का कार्य कराया जाए. बिजली व पानी पाइप लाइन की फिटिंग का पुनः परीक्षण किया जाए, आवश्यकतानुसार समुचित फिटिंग का कार्य हो.