आगरा मेट्रो: निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) द्वारा आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर पर यात्री सेवाओं के शीघ्र विस्तार के लक्ष्य के साथ निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मेट्रो परियोजना के इस महत्वपूर्ण चरण में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए यूपी मेट्रो ने शेष ऐलिवेटेड हिस्से के सभी 722 पाइल का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
प्रथम कॉरिडोर के खंदारी स्थित आरबीएस रैंप से सिकंदरा तक के ऐलिवेटेड सेक्शन में कुल 722 पाइल, 152 पाइलकैप और 152 पियर प्रस्तावित हैं। इनमें से अब तक 148 पाइलकैप और 138 पियर का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहीं संरचनात्मक मजबूती की दिशा में 102 पियरकैप और 180 यू-गर्डर सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं।
इस हिस्से में कुल 131 पियरकैप और 272 यू-गर्डर लगाए जाने हैं। इसके लिए अरतौनी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप और यू-गर्डर सहित अन्य प्री-कास्ट स्ट्रक्चर की कास्टिंग का कार्य निरंतर किया जा रहा है, जिससे साइट पर निर्माण कार्य में तेजी बनी हुई है।
गौरतलब है कि आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर पर ताज ईस्ट गेट से मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक यात्री सेवाएं पहले ही सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। शेष भूमिगत सेक्शन में टनल निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है, जिसके बाद अब ट्रैक बिछाने और अन्य सिस्टम्स (इलेक्ट्रिकल, सिग्नलिंग, टेलीकॉम आदि) का काम प्रगति पर है।
इस कॉरिडोर के सभी चार भूमिगत मेट्रो स्टेशनों का सिविल निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है। फिलहाल स्टेशनों पर आर्किटेक्चरल फिनिशिंग, प्लेटफॉर्म डेवलपमेंट और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं। यूपी मेट्रो का लक्ष्य है कि निर्धारित समयसीमा में शेष कॉरिडोर को भी यात्रियों के लिए खोल दिया जाए, जिससे आगरा को आधुनिक और सुगम शहरी परिवहन की सौगात मिल सके।