मण्डलायुक्त ने किया आगरा कलेक्ट्री में विभिन्न अनुभागों व पटल का निरीक्षण
05 व 03 वर्ष से अधिक पुराने वादों का प्राथमिकता के आधार पर जाए निस्तारण - मण्डलायुक्त
आगरा:-आयुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप ने आज कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों, पटलों का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी न्यायालय, आंग्ल अभिलेखागार का निरीक्षण किया। मुख्य राजस्व लेखागार विभाग में अलमारी में रखी फाइलों के रख रखाव का जायज़ा लिया।
शस्त्रागार विभाग का निरीक्षण करते हुए आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिए गए कि लंबी अवधि से जमा पुराने शस्त्रों को डिस्मेंटल कराए जाने हेतु शासन से पत्राचार किया जाए। राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण किया। समुचित साफ सफाई के निर्देश दिए और रिकॉर्ड का अग्निशमन विभाग से सेफ्टी ऑडिट कराए जाने को कहा।
वाद निस्तारण की समीक्षा की गई। 5 वर्ष से अधिक पुराने कुल 28 वाद और 3 वर्ष से अधिक पुराने लगभग 246 वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी न्यायिक को निर्देश दिए कि रिकॉर्ड रूम का समय - समय पर निरीक्षण करते रहें ताकि सुव्यवस्था बनी रहे। लंबित ऑडिट आपत्तियों को संबंधित प्रभारी अपर जिलाधिकारी देखें एवं उनका निस्तारण करें। वहीं जिन ग्रामों के नक्शे अनुपलब्ध हैं, इस संबंध में पत्रलेख प्रस्तुत करें।
इस दौरान जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त श्रीमती शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक धीरेन्द्र सचान, अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री गोविंद वर्मा आदि मौजूद रहे।