खेल प्रतिभा के दम पर प्रमोशन पाने वाली महिला पुलिसकर्मी बनी मिसाल
आगरा। आगरा पुलिस लाइन में तैनात महिला पुलिसकर्मी रोमी ने टेबल टेनिस (Table Tennis) खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग में नई पहचान बनाई है। खेल उपलब्धियों के आधार पर उन्हें स्पोर्ट्स कोटा के तहत प्रमोशन दिया गया है और वे हेड कांस्टेबल से इंस्पेक्टर पद तक पहुंची हैं।
रोमी 11वीं बैच की पुलिसकर्मी हैं और मूल रूप से मुज़फ्फरनगर जनपद की निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में जालंधर में आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके बाद 2023 में नागपुर में हुई टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उन्होंने 1 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं 2024–25 में केरल में आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भी उन्होंने 1 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।