आगरा में भव्य श्री श्याम फाल्गुन शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत
आगरा। श्री खाटू श्याम जी फाल्गुन महोत्सव 2026 के अंतर्गत श्री श्याम प्रभु की भव्य शोभायात्रा मंगलवार को नगर भ्रमण पर निकली। हारे का सहारा और श्याम बाबा की जय के जयघोषों से गूंजते मार्ग, हजारों श्रद्धालु, सजीव झांकियां और दिव्य श्रृंगार ने पूरे आयोजन ने आगरा को श्याममय कर दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, लॉयंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व निदेशक जितेन्द्र चौहान एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि श्री खाटू श्याम जी की शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और सामूहिक श्रद्धा की सशक्त अभिव्यक्ति है।
शोभायात्रा राम बारात मार्ग, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, मोतीगंज, कचहरी घाट, बेलनगंज होते हुए जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुंची। मार्ग में सैकड़ों स्थानों पर पुष्पवर्षा, इत्र और गुलाल से श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। आयोजन संयोजक अजय गर्ग (अवागढ़) ने बताया कि मंदिर के अष्टम स्थापना दिवस एवं फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत यह आयोजन श्रद्धा और सेवा भाव से संपन्न हुआ।