मैट्रोमोनियल साइट पर मिली धोखाधड़ी: युवती को झांसा देकर मानसिक उत्पीड़न
आगरा की एक युवती को मैट्रोमोनियल साइट पर मिले युवक से धोखा मिला है। युवक ने खुद को डॉक्टर बताया और शादी का झांसा देकर अश्लील चैट और वीडियो कॉल के जरिए मानसिक रूप से उत्पीड़न किया। अब वह ब्लैकमेल कर रहा है। युवती ने ट्रांसयमुना थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
युवती टेढ़ी बगिया क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया कि उसकी पहचान मैट्रोमोनियल साइट पर एक युवक संत गौरव से हुई जिसने खुद को दिल्ली की पालम कॉलोनी का रहने वाला और खुद को डॉक्टर बताया। युवती ने बताया कि कि दोनों के बीच फोन कॉल, व्हाट्सअप चैट और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत होने लगी और शादी को लेकर सहमति बन गई।
युवती का आरोप है कि जब उसने शादी की बात आगे बढ़ाई तो आरोपी युवक ने उसे आगरा के एक होटल में तीन दिन साथ रुकने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया, जब युवती ने इसको लेकर स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया तो आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ अश्लील चैट व वीडियो कॉल वायरल करने की धमकी दी। इन धमकियों से युवती भयभीत और मानसिक रूप से आहत है। आगरा के ट्रांसयमुना थाने में युवती के द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी गई है।