आगरा में पीडीएस चावल की कालाबाजारी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 4 फ़रवरी 2026

आगरा में पीडीएस चावल की कालाबाजारी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आगरा खेरागढ़ पुलिस ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के फोर्टिफाइड चावलों की कालाबाजारी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 29.337 कुंतल फोर्टिफाइड चावल और एक मैक्स पिकअप वाहन जब्त किया है। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

यह कार्रवाई 2 फरवरी 2026 को थाना खेरागढ़ पुलिस द्वारा ग्राम कुल्हाड़ा से खुशालपुर की ओर चेकिंग के दौरान की गई। थाना क्षेत्र से लगभग 500 मीटर आगे एक मैक्स पिकअप को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में फोर्टिफाइड चावल लदा मिला। पुलिस को देखकर एक आरोपी सरसों के खेतों में घुसकर भाग निकला।

बरामदगी के आधार पर पूर्ति निरीक्षक सुमल्लिका सक्सेना की तहरीर पर थाना खेरागढ़ में मु.अ.सं. 19/2026 धारा 111(2) (b) बीएनएस और 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुमित कुमार (32 वर्ष), निवासी ग्राम पीपलखेड़ा, थाना खेरागढ़, और शिव सिंह (38 वर्ष), निवासी नया नगला उडिया अड्डा, थाना कौलारी, जिला धौलपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। वहीं, ग्राम पीपलखेड़ा निवासी नरेंद्र मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

थाना प्रभारी मदन सिंह ने बताया कि गरीबों के हक के राशन में हेराफेरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई को थाना प्रभारी मदन सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजेन्द्र कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक रामपाल सिंह, उपनिरीक्षक राजेश कुमार और कांस्टेबल सागर कुमार की टीम ने अंजाम दिया।

video

Pages