आगरा पुलिस द्वारा भीड़ नियंत्रण के लिए बलवा ड्रिल का आयोजन
आगरा:- पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा दीपक कुमार (IPS) के निर्देशन में आगामी त्योहारों व भीड़ नियंत्रण के दृष्टिगत अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त, हरीपर्वत/लाइन्स महादिक अक्षय संजय द्वारा पुलिस लाइन्स परेड ग्राउंड में व्यापक स्तर पर बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया।
इस ड्रिल में कमिश्नरेट आगरा के समस्त थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। ड्रिल का उद्देश्य संभावित कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों से प्रभावी एवं समन्वित ढंग से निपटने हेतु पुलिस बल की तैयारियों को परखना और अधिक सुगठित करना था।
ड्रिल के दौरान प्रथम प्रतिक्रिया के रूप में थाना पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने एवं वार्ता के माध्यम से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास प्रदर्शित किया गया। इसके पश्चात घुडसवार पुलिस द्वारा नियंत्रित एवं रणनीतिक मूवमेंट करते हुए भीड़ को रोकने एवं तितर-बितर करने की कार्रवाई का अभ्यास किया गया।
भीड़ नियंत्रण की प्रक्रिया में वाटर कैनन के माध्यम से पानी की बौछार कर भीड़ नियंत्रण का प्रदर्शन किया गया, साथ ही लाठी पार्टी द्वारा निर्धारित मानकों एवं मानवाधिकारों का ध्यान रखते हुए नियंत्रित लाठी चार्ज की कार्रवाई का अभ्यास किया गया।
आगे की स्थिति में भीड़ को काबू में करने हेतु आंसू गैस के प्रयोग की समुचित प्रक्रिया को भी प्रदर्शित किया गया। बलवा ड्रिल के दौरान आपात परिस्थितियों में घायलों को सुरक्षित निकालकर तत्काल उपचार हेतु चिकित्सालय भेजने, मार्ग समन्वय, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न इकाइयों के मध्य समन्वय बनाए रखने की कार्यप्रणाली का भी व्यावहारिक अभ्यास किया गया।