एसएन मेडिकल कॉलेज में बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2026

एसएन मेडिकल कॉलेज में बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर

एसएन मेडिकल कॉलेज में बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर

सरदार पटेल पार्क स्कूल में आयोजित एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं परीक्षण शिविर में एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा के स्त्री रोग विभाग ने बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने का प्रयास किया। इस शिविर का उद्देश्य किशोरियों को गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान व रोकथाम करना था।

स्वस्थ भारत की दिशा में सशक्त कदम

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का दायित्व केवल अस्पताल तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुँचाना भी उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और एनीमिया की रोकथाम, ‘स्वस्थ भारत अभियान’ का अहम हिस्सा है।

सर्वाइकल कैंसर पर जागरूकता, टीकाकरण पर जोर

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रुचिका गर्ग ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर की गंभीरता, इसके कारण और बचाव के उपायों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन लगवाने से इस घातक बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

हीमोग्लोबिन जांच, आयरन टैबलेट का वितरण

शिविर में सभी छात्राओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। जिन छात्राओं में कमी पाई गई, उन्हें आयरन की गोलियां वितरित की गईं। डॉ. गर्ग ने बालिकाओं को संतुलित आहार अपनाने की सलाह देते हुए पालक, हरी सब्जियां, दालें और आयरन युक्त भोजन को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया।

पीसीओडी से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली जरूरी

किशोरियों में बढ़ती पीसीओडी की समस्या पर चर्चा करते हुए डॉ. रुचिका गर्ग ने नियमित व्यायाम, संतुलित दिनचर्या और जंक फूड से दूरी बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र से स्वस्थ आदतें अपनाकर कई समस्याओं से बचा जा सकता है।

video

Pages