मथुरा में महिला की गला काटकर हत्या, देवर ने खुद भी रेता गला
मथुरा जिले के थाना नौहझील क्षेत्र में एक महिला की गला काटकर हत्या की गई है. महिला की हत्या उसके ही देवर ने की है. भाभी की हत्या करने के बाद उसने खुद का भी गला रेत लिया. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
चार महीने पहले हुई थी शादी, छोटे बेटे ने की हत्या
मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र के गांव बाघई कटैलिया में ज्वालाप्रसाद रहते हैं. इनके बड़े बेटे प्रमोद की शादी चार महीने पहले आगरा की रहने वाली करिश्मा के साथ हुई थी. रविवार सुबह छोटे बेटे दीपक का अपनी भाभी करिश्मा के साथ किसी बात पर विवाद हो गया. इस पर गुस्साए दीपक ने धारदार हथियार से करिश्मा का गला काट दिया और इसके तुरंत बाद उसी हथियार से खुद का भी गला रेत लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, सबूत मिटाने की कोशिश
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की. अस्पताल में चिकित्सकों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर जाकर जांच की गई तो परिजनों ने सबूत मिटाने की कोशिश की. खून को साफ किया गया और ब्लेड को चूल्हे की राख में दबा दिया जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।