पैसे के लिए भाई ने बहन की जान ली: आगरा में दिल दहला देने वाली घटना
आगरा के शाहगंज क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक भाई ने अपनी ही बहन की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका अनीता कुशवाह की उम्र 50 वर्ष थी और वह अपने पति संजय के साथ रहती थीं। आरोपी भाई रवि ने जेल से छूटने के बाद बहन से पैसे वापस मांगने के लिए विवाद किया था, जिसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
अनीता का भाई रवि कई साल पहले जेल गया था और उसने अपनी कुछ रकम बहन के पास रखी थी। चार साल पहले जेल से छूटने के बाद वह लगातार बहन से पैसे वापस मांग रहा था। परिवार ने बताया कि रवि की जमानत भी अनीता ने ही कराई थी, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते अनीता पैसे लौटाने में असमर्थ थी।
बुधवार रात भी रवि घर पहुंचा और विवाद करने लगा, जिसके बाद उसने तमंचा निकालकर बहन पर गोली चला दी। गोली लगते ही अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। घर में चीख-पुकार मच गई, जबकि आरोपी रवि अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।